कायस्थ समाज वेब पोर्टल पर अंतर्राष्ट्रीय काव्य मंच डिजिटल प्लेटफार्म शुरू किया गया है। इसका शुभारंभ विश्वास कैलाश नारायण सारंग, चिकित्सा शिक्षा मंत्री एवं पोर्टल के निर्माता वेद आशीष श्रीवास्तव के द्वारा किया गया। संस्था की संयोजिका डॉ. प्रीति प्रवीण खरे ने बताया कि काव्य मंच कायस्थ समाज की उन महिलाओं के लिए है, जो साहित्य और काव्य के क्षेत्र में रुचि रखती हैं। उन सभी के लिए कायस्थ समाज काव्य मंच हिंदी भाषा का पहला और सबसे विशाल फ्री आनलाइन डिजिटल पोर्टल है। ऋतुप्रिया खरे ने बताया कि स्वरचित कविताओं और रचनाओं को पोर्टल के माध्यम से विश्व के लाखों लोगों तक पहुचाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय काव्य मंच पर सभी सीधे पोस्ट कर सकते हैं। संचालिका अभिलाषा श्रीवास्तव एवं प्रियंका श्रीवास्तव ने कहा कि इस कार्यक्रम में चयनित कवयित्रियों की कविताओं को रिकॉर्ड किया जाता है और काव्य मंच के लाइव पेज व पोर्टल पर उन्हें अपलोड किया जाता है। काव्य मंच, समय-समय पर चयनित कवयित्रियों को पुरस्कृत और सम्मानित भी करेगा। अभी तक पोर्टल से देश- विदेश के अलग अलग प्रांतों से 182 महिला रचनाकार जुड़ चुकी हैं। इस अवसर पर डॉ. उषा खरे, संयोजिका डॉ. प्रीति प्रवीण खरे, साधना श्रीवास्तव, सुषमा श्रीवास्तव रुपाली सक्सेना और सीमा खरे उपस्थित थीं।